मुरादनगर के हिन्दू सम्मेलन में उमड़ा जनसैलाब
गाजियाबाद (युग करवट)। मुरादनगर स्थित अम्बेडकर पार्क में आयोजित विराट हिन्दू सम्मेलन में भारी जनसमूह उमड़ा। सम्मेलन के मुख्य अतिथि श्रीकल्कि पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम् ने अपने उद्घोधन में भारतीय संस्कृति की गौरवशाली परंपरा का उल्लेख करते हुए समाज को एकजुट रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि आध्यात्मिक चेतना और सामाजिक समरसता से ही राष्ट्र सशक्त बनता है। श्री कृष्णम ने कहा कि कुछ ताकतें सनातन को खंड खंड करना चाहती हैं। लेकिन सनातन लाखों करोड़ों वर्षों से है। उन्होंने कहा कि भारत ही सनातन है। सनातन है तो भारत है। भारत इसलिए गुलाम नहीं हुआ था कि आक्रमणकारी बहुत ताकतवर थे। भारत इसलिए गुलाम हुआ था क्योंकि गद् दार हमारे समाज में मौजूद थे। मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्र प्रचारक महेन्द्र ने संगठित हिन्दू समाज की आवश्यकता पर प्रकाश डालते हुए समर्थ भारत और एक भारत श्रेष्ठ भारत के संकल्प को दृढ़ करने का आह्वान किया। विशिष्ट अतिथि आध्यात्मिक गुरु डॉ. पवन सिन्हा ने अपने विचार रखते हुए समाज में शिक्षा, संस्कार और आत्मविश्वास के महत्व पर बल दिया। उन्होंने कहा कि जागरूक समाज ही प्रगतिशील राष्ट्र का निर्माण कर सकता है।