नगर संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। फाइलों पर पदनाम न लिखकर सिर्फ सिग्नेचर करने वाले अधिकारियों व बाबूओं को लेकर डीएम रविन्द्र कुमार मांदड़ ने सख्ती दिखाते हुए कड़े निर्देश दिए हैं। डीएम ने कहा कि अगर उनके पास सिर्फ सिग्नेचर की हुई फाइल आई तो सम्बंधित के खिलाफ न सिर्फ कड़ी कार्रवाई होगी, उसका वेतन भी रोका जाएगा।
बता दें कि डीएम के पास आने वाली अधिकतर फाइलों में नोटिंग करने वाले अधिकारी का सिर्फ सिग्नेचर होता है। अधिकारी का पद भार क्या है, उसका नाम क्या है, मुहर क्या है, इसकी कोई डिटेल फाइल में दर्ज नहीं होती। इससे यह पता नही चल पाता कि उक्त पद पर कौन सा अधिकारी मौजूद हैं। किस अधिकारी ने फाइल पर नोटिंग की है। इसका सीधा असर जांच के दौरान भी पड़ता है। ऐसे में अब ऐसे लापरवाह अधिकारियों पर डीएम ने कड़ा रूख अख्यितार करते हुए निर्देश दिए हैं कि जो भी फाइल उनके समक्ष आएगी, उस पर सिग्नेचर के साथ अधिकारी का स्पष्टï रूप से लिखा हुआ नाम, पद नाम, पद की मुहर भी लगाई जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों को 18 फरवरी तक सभी फाइलों को इस तरह से पूरा करने के निर्देश भी दिए हैं। अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि इसके बाद अगर उनके पास कोई फाइल आती है तो सम्बंधित के खिलाफ वेतन रोकने की कार्रवाई की जाएगी। सभी अधिकारियों को यह निर्देश जारी कर दिए गए हैं।