लखनऊ (युग करवट)। विधानसभा के बजट सत्र की शुरुआत राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के अभिभाषण पर बसपा प्रमुख मायावती ने असंतोष जताते हुए कहा कि भाषण में महंगाई, बेरोजगारी, कानून-व्यवस्था और जनसुरक्षा जैसे अहम मुद्दों पर अपेक्षित जोर नहीं दिया गया। मायावती ने राज्यपाल के अभिभाषण को परंपरागत व अपेक्षाकृत औपचारिक बताया। उन्होंने कहा कि अभिभाषण में प्रदेश के विकास और सर्वसमाज के उत्थान की बात तो की गई, लेकिन आम जनता से जुड़ी गंभीर समस्याओं पर अपेक्षित स्पष्टता और संवेदनशीलता नहीं दिखी। उनका आरोप है कि प्रदेश में करोड़ों लोग महंगाई, बेरोजगारी और गरीबी जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं, वहीं कानून-व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर भी लोगों में चिंता बनी हुई है।