नगर संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100वें वर्ष के उपलक्ष्य में जगह-जगह हिन्दू सम्मेलनों का आयोजन किया। इसी कड़ी में राजनगर में सकल हिन्दू समाज द्वारा सेक्टर-3 के पार्क में हिन्दू सम्मेलन का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता रहे सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता अश्वनी उपाध्याय ने हिन्दू समाज के सामने खड़ी कई चुनौतियों का उल्लेख करते हुए लव जिहाद, लैण्ड जिहाद, धर्मांतरण, भ्रष्टाचार आदि को देश की सुरक्षा के लिए सबसे बड़ा खतरा बताया। उन्होंने विश्व के कुछ देशों का उल्लेख करते हुए कहा कि वह आजादी के बाद पूरी तरह आजाद हो गये। उन्होंने अपने इतिहास में कभी गुलामी का जिक्र भी नहीं किया। हमारे देश में गुलामी के इतिहास का महिमा मंडन किया जाता रहा है। इस व्यवस्था को बदलने के लिए सबसे पहले गुलामी के नाम, पहचान, चिन्ह आदि को बदलना होगा।
उन्होंने कहा कि मुगल और अंग्रेज यहां सत्ता के लिए नहीं धर्मांतरण के लिए आए थे। अश्वनी उपाध्याय ने आह्वान किया कि दल की गुलामी को छोडक़र अपने जनप्रतिनिधियों को जगाइए और उनसे कहिए कि हिंदू समाज के समक्ष खड़ी चुनौतियों को लेकर वो संसद और राज्य सभा, विधानसभा में आवाज उठाएं। उन्होंने सोशल मीडिया पर भी निशाना साधा और कहा कि आज बच्चे और बड़े सभी मोबाइल की लत के शिकार हो गए हैं, यह बीमारी कोरोना से भी ज्यादा खतरनाक है। इसकी रोकथाम के लिए भी कड़े कानून होना चाहिए। इससे न सिर्फ मानसिक बल्कि शारीरिक बीमारियां भी बढ़ रही हैं। कुल मिलाकर हम विकास नहीं बल्कि विनाश की ओर जा रहे हैं। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महामंडलेश्वर स्वामी संतोषानंद महाराज ने आह्वान किया कि किसी भी विधर्मी को कोई काम न दें। हिन्दू समाज के लोगों से ही काम कराएं, भले ही वह ज्यादा पैसा ले रहा हो। हम किसी भी भाषा, किसी भी क्षेत्र के हों, हमें मिलजुल रहना होगा और संयुक्त रूप से मंदिरों अपनी पूजा नियमित रूप से करना चाहिए। इस अवसर पर आयोजन समिति के अध्यक्ष केपी गुप्ता ने सभी का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम स्थल पर राष्टï्रीय स्वयंसेवक संघ की ओर से नागरिकों के कर्तव्य और जिम्मेदारियों को लेकर एक चित्र प्रदर्शनी भी लगाई। स्कूली छात्रों द्वारा कई सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए जिसमें ऑपरेशन सिंदूर की प्रस्तुति को सभी ने सराहा। इस अवसर पर सांसद अतुल गर्ग, पूर्व राज्यसभा सांसद अनिल अग्रवाल, सचिव संजय गर्ग, कोषाध्यक्ष विजय कुमार, पीके गुप्ता, पार्षद प्रवीन चौधरी, राजनगर रेजीडेंटस वेलफेयर के अध्यक्ष डीके गोयल, रामलीला समिति के अध्यक्ष जयकुमार गुप्ता, राकेश चावला, किरन मक्कड़, सौरभ गर्ग, देवेन्द्र हितकारी, वीरेन्द्र सारस्वत, रेखा अग्रवाल, भानु शिशौदिया, गगन अरोड़ा, अमरीश कुमार त्यागी, जेपी राणा, अलका गोयल, मोनिया चौधरी, आश अग्रवाल, एसएन अग्रवाल, उर्मिला ढाका, उषा गुप्ता, विजय लुम्बा, अनिल कुमार, ओमप्रकाश भोला, ममता गुप्ता आदि मौजूद रहे।