गाजियाबाद (युग करवट)। मोदीनगर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत निवाड़ी रोड पर स्थित ३० फुटा रोड पर रहने वाले रिटायर्ड फौजी आदेश कुमार के घर से प्रतिबंधित बोर के कारतूसों की भारी खेप बरामद हुई है। इनका उपयोग सेना के द्वारा किया जाता है। इस घटना की सूचना रिटायर्ड फौजी की पत्नी कविता ने पुलिस को दी। कविता ने बताया कि १४ नवंबर २०२४ को उसका पति आदेश बिना बताये कहीं चला गया था। उसकी जानकारी के अनुसार आदेश आजकल अपने बहन निवासी चौबला जानी मेरठ के यहां रहता है। ५ फरवरी को जब वह अपने पति का बक्सा देख रही थी तो उसी समय उसने उसमें चार दर्जन से अधिक कारतूसों को देखा। उसके बाद उसने पहले इसकी सूचना पति की रेजीमेंट बरेली सेंटर व सैनिक बोर्ड गाजियाबाद को दी थी। सेना अधिकारियों के कहने पर ही वह पुलिस को सूचना देने आई है। इस प्रकरण के संदर्भ में एसीपी मोदीनगर भास्कर वर्मा का कहना है कि पुलिस ने कारतूसों को रिकवर करके मालखाने में जमा कर दिया है। श्री वर्मा ने बताया कि इस मामले की जांच जहां हर एंगिल पर की जायेगी वहीं जांच में दोषी पाये जाने उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई भी की जायेगी।