नगर संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। सम्पत्तियों के खरीद-फरोख्त में आधार को अनिवार्य कर दिया गया है। यानि आधार वेरीफिकेशन के बाद ही सम्पत्तियों को खरीदा या बेचा जा सकता है। यह व्यवस्था पूरे प्रदेश में लागू हो चुकी है। लेकिन इस प्रक्रिया के शुरूआत में ही दिक्कतें आनी शुरू हो गई है। इसकी सबसे बड़ी वजह लोगों के आधार अपडेट न होना है।
बड़ी संख्या में लोगों के आधार पिछले दस से पांच सालों में अपडेट नहीं हो पाए हैं, ऐसे में जब आवेदक रजिस्ट्री कराने पहुंचते हैं तो उनका आधार वेरीफिकेशन नहीं हो पा रहा है जिसकी वजह से उनके रजिस्ट्री सम्बंधी काम नहीं हो पा रहे हैं। एआईजी स्टाम्प पुष्पेन्द्र सिंह ने बताया कि जिनके आधार अपडेट हैं उन्हें कोई समस्या नहीं है। लेकिन जिनके आधार अपडेट नहीं हैं उनके सामने ही दिक्कतें आ रही हैं। ऐसे में उन्होंने आम जन से अपील की है कि वह रजिस्ट्री कराने से पहले अपने आधार अपडेट करा लें जिससे वेरीफिकेशन के समय दिक्कतें न हो। आधार वेरीफिकेशन अनिवार्य होने के बाद जिले में पहले दिन करीब साढ़े पांच सौ रजिस्ट्री हुई थी, लेकिन अब जैसे-जैसे लोग पहुंच रहे हैं, उनके सामने अपडेट न होने से समस्या आ रही हैं।