उदिता त्यागी व यति का अनशन दूसरे दिन भी जारी
नगर संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। यूजीसी एक्ट के विरोध में धरने में शामिल होने से रोकने व घर में ही नजर बंद करने के विरोध में महाकाली वाहिनी की समन्वयक डॉ.उदिता त्यागी का अपने आवास के बाहर आमरण अनशन दूसरे दिन भी जारी रहा।
इस आमरण अनशन में बड़ी संख्या में महाकाली वाहिनी के कार्यकर्ता व उदिता त्यागी के समर्थक पहुंच रहे हैं। डॉ.उदिता त्यागी ने कहा कि हम सिर्फ लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठा रहे हैं, लेकिन उसे भी उठाने पर प्रतिबंध लगाया जा रहा है। इसे किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आमरण अनशन में आने के लिए महाकाली वाहिनी की सदस्यों को रोका जा रहा है। ऐसे में जहां भी महाकाली वाहिनी के सदस्यों को नजर बंद किया जाएगा, वहीं पर आमरण अनशन शुरू करेंगी। लेकिन अपनी बात से पीछे नहीं हटेंगी। डॉ.उदिता ने कहा कि उन्हें उनके ही घर में पिछले तीन दिन से नजरबंद कर रखा है। वहीं अनशन को लेकर पुलिस भी स्थल के आसपास मुस्तैद रही।
सभासद शशि चौहान ने किया अग्नि समाधि लेने का ऐलान
गाजियाबाद (युग करवट)। डॉ.उदिता त्यागी को नजर बंद किए जाने को लेकर मामला तूल पकड़ता जा रहा है। उनके समर्थन में शिवशक्ति धाम डासना मंदिर के गेट पर महामंडलेश्वर यति नरसिंहानंद गिरी महाराज का अनशन दूसरे दिन भी जारी रहा। इस दौरान डासना नगर पंचायत सदस्य शशि चौहान ने कहा है कि महाकालियों को नजरबंद होने से यह आंदोलन खत्म नहीं होगा। उन्होंने कहा कि वह अब अन्य महाकालियों के साथ उच्च शिक्षामंत्री धर्मेन्द्र प्रताप के आवास पर आंदोलन कर अग्निसमाधि लेंगी। अगर सरकार ने इस काले कानून को वापस नहीं लिया तो आंदोलन जारी रहेगा।