नोएडा (युग करवट)। नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर वाहनों का दबाव कम करने के लिए प्राधिकरण 45 मीटर चौड़ी सडक़ की हर रुकावट को दूर करना चाहता है। यह सडक़ पूरी बन जाने से एक्सप्रेसवे पर वाहनों का दबाव कम होगा, साथ ही एक नया संपर्क मार्ग भी मिल जाएगा। अगले सप्ताह नोएडा एयरपोर्ट का शुभारंभ भी होने जा रहा है। इसको देखते हुए प्राधिकरण ने तैयारियां तेज कर दी हैं। अब तक जमीन न मिलने से बीच-बीच में यह सडक़ पांच जगहों पर अधूरी पड़ी हुई है। इससे एक्सप्रेसवे के विकल्प के तौर पर वाहन भी नहीं गुजर रहे हैं। हाल ही में प्राधिकरण के सीईओ कृष्ण करुणेश ने इस सडक़ के निर्माण संबधी समीक्षा की थी। इस बैठक में भूलेख विभाग की ओर से बताया गया कि सडक़ के लिए जमीन लेने की प्रक्रिया अगले महीने से शुरू की जाएगी। जमीन मिलते ही सडक़ बनाने का काम शुरू कर दिया जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि ग्रेटर नोएडा की तरफ से नोएडा की ओर चलने पर 45 मीटर रोड सेक्टर-159 के पास करीब 230 मीटर अधूरी है। इसके आगे मोहियापुर और असदुल्लापुर गांव के सामने सेक्टर-163-167 के बीच में दो जगहों पर सडक़ 45 मीटर और 75 मीटर अधूरी पड़ी हुई है। फिर सेक्टर-143 बी के विपरीत करीब 75 मीटर दूरी में सडक़ नहीं बनी हुई है। इसी तरह नोएडा से ग्रेटर नोएडा की तरफ चलने पर सेक्टर-146 के पास करीब 234 मीटर सडक़ अधूरी है।

सेक्टर-125 एमिटी यूनिवर्सिटी के आगे नोएडा की तरफ चलने पर एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड भी अधूरी है।