गाजियाबाद (युग करवट)। मोदीनगर के गांव फफराना में 26 बीघा जमीन पर बनाई जा रही अवैध कॉलोनी को जीडीए के प्रवर्तन दस्ते ने ढहा दिया है। प्रवर्तन जोन-2 के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। फफराना गांव के खसरा संख्या 379, 380 पर करीब 8000 वर्ग मीटर में रिछपाल सिंह, टीकम सिंह, रनवीर सिंह, रविकरण, राजेन्द्र द्वारा खसरा संख्या 354 में दस हजार वर्ग मीटर क्षेत्रफल, रनवीर सिंह, दिनेश चचरा द्वारा फफराना रोड पर करीब आठ हजार वर्ग मीटर जमीन पर पूर्व स्वीकृत कालोनी श्यामसिटी का एक्सटेंशन किया जा रहा है। मौके पर निर्माणकर्ता प्राधिकरण से स्वीकृत कॉलोनी का कोई अभिलेख, स्वीकृत मानचित्र नहीं दिखा पाएं। इसके बाद प्रवर्तन दस्ते ने अवैध कॉलोनी में बनाई गई सडक़, बाउंड्रीवाल, साईट ऑफिस को ध्वस्त किया। इस दौरान कोलोनाइजर द्वारा जीडीए की इस कार्रवाई का कड़ा विरोध भी किया गया लेकिन मौके पर मौजूद पुलिस दस्ते ने स्थिति को नियंत्रण में किया।