गाजियाबाद (युग करवट)। नगर निगम की दुकानों के किराए का मामला निपटा दिया गया है। बताया जा रहा है कि नगर निगम नीचे की दुकान का किराया चार हजार रुपए व ऊपर की दुकान का किराया चार रुपए वसूलेगा। इसको लेकर नगर निगम मुख्यालय में समिति की बैठक हुई। बैठक में समिति की अध्यक्ष मेयर सुनीता दयाल, उपाध्यक्ष नगर आयुक्त विक्रमादित्य मलिक, पार्षद सदस्य भगवान अग्रवाल, मनोज त्यागी, अजय शर्मा, उदित मोहन, संजय सिंह, अधिकारी सदस्य अपर नगर आयुक्तजंग बहादुर यादव, अपर नगर आयुक्त अवनेंद्र कुमार, सहायक नगर आयुक्त पल्लवी सिंह, मुख्य अभियंता एनके चौधरी, उप मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी अनुज सिंह ने विचार विर्मश किया। गोल मार्किट सहित शहर के विभिन्न स्थानों पर स्थित 1702 दुकानों के किराए की दर तय की गई। बैठक में व्यापारी राजू छाबड़ा, राकेश स्वामी, राजेश लाहौरिया, राजकुमार सिंघल, सुरेश गुप्ता, सुरेश महाजन आदि भी उपस्थित रहे। व्यापारियों ने महापौर तथा नगर आयुक्त का धन्यवाद किया।