नोएडा (युग करवट)। सेक्टर-64 में महज 1500 रुपये के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में एक युवक की हत्या कर दी गई है। आरोपी ने वारदात को अंजाम देने के बाद युवक को नाले में धक्का दे दिया। पुलिस को घटना की सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची। मृतक की पहचान 35 वर्षीय राहुल के रूप में हुई है, जो फुटपाथ पर सोता था। उसका शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर आरोपी रवींद्र, उम्र 30 वर्ष, पुत्र बनवीर सिंह, निवासी पौड़ी गढ़वाल, उत्तराखंड को हिरासत में ले लिया गया है। रवींद्र भी फुटपाथ पर ही सोता था। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। पुलिस के अनुसार, मृतक राहुल और आरोपी रवींद्र के बीच 1500 रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद हुआ था। यह विवाद इतना बढ़ गया कि रवींद्र ने राहुल पर हमला कर दिया। उसने राहुल के सिर पर पत्थर से वार किया। इसके बाद उसे नाले में धक्का दे दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि दोनों फुटपाथ पर ही रहते थे।