नई दिल्ली (युग करवट)। पूर्व सांसद केसी त्यागी के राजनीतिक भविष्य को लेकर पिछले कुछ समय से काफी चर्चा चल रही थी। लोग खुद से तरह तरह के कयास लगा रहे थे। मगर अब वह तारीख आ गई जिसको पता चलेगा कि केसी त्यागी क्या करने जा रहे हैं।
केसी त्यागी खुद २२ मार्च को इसकी घोषणा करेंगे। २२ मार्च को दिल्ली के रफी मार्ग स्थित मावलंकर हॉल में उन्होंने अपने राजनीतिक मित्र, समर्थक और कार्यकर्ताओं को चर्चा के लिए बुलाया है। पांच दशक से भी अधिक समय से भारत की केन्द्रीय राजनीति में सक्रिय रहे हैं। केसी त्यागी कई पूर्व प्रधानमंत्रियों और अनेक मुख्यमंत्रियों का कार्यकाल देख चुके हैं।
श्री त्यागी ने कहा कि 30 अक्टूबर 2003 को समता पार्टी और जनता दल के विलय से जेडीयू अस्तित्व में आया। जॉर्ज फर्नांडीस अध्यक्ष थे और वह पार्टी का महासचिव थे। उन्होंने शरद यादव और नीतीश कुमार के साथ अध्यक्ष के रूप में काम किया। वह पार्टी के मुख्य महासचिव, मुख्य प्रवक्ता और राजनीतिक सलाहकार भी रहे। अब पार्टी का सदस्यता अभियान समाप्त हो चुका है। केसी त्यागी बताते हैं कि इस बार उन्होंने पार्टी की सदस्यता का नवीनीकरण नहीं किया है। हालांकि समाज के दलित, किसान और कृषक सहित वंचित वर्गों के हितों से संबंधित व्यापक वैचारिक मुद्दों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता पहले की तरह ही दृढ़ है। वह कहते हैं कि लगभग आधी सदी तक उनके साथी रहे नीतीश कुमार के प्रति उनका व्यक्तिगत सम्मान भी अपरिवर्तित है।
केसी त्यागी के कुछ राजनीतिक मित्र, समर्थक और कार्यकर्ता 22 मार्च को मावलंकर हॉल में देश की राजनीतिक स्थिति पर चर्चा करने के लिए समान विचारधारा वाले व्यक्तियों की एक बैठक आयोजित कर रहे हैं। श्री त्यागी ने बताया कि सभी संबंधित लोगों से परामर्श करने के बाद उनकी आगे की कार्रवाई का निर्णय शीघ्र ही लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि वह भारत रत्न चौधरी चरण सिंह, डॉ. राम मनोहर लोहिया और भारत रत्न कर्पूरी ठाकुर के विचारों और विचारधारा से प्रेरित होते रहेंगे।

कई दलों की चाहत हैं केसी त्यागी
नई दिल्ली (युग करवट)। पूर्व सांसद केसी त्यागी राजनीति के मंझे हुए खिलाड़ी हैं। वह वेस्ट यूपी ही नहीं कई राज्यों की नस समझते हैं। इसीलिए जिस दिन से केसी त्यागी के जदयू से अलग होने की खबर आई कई दलों की नजरें उन पर आ टिकीं। सूत्र बताते हैं कि कई प्रमुख दलों के शीर्ष नेता केसी त्यागी को अपनी पार्टी में आने का न्यौता दे चुके हैं। केसी त्यागी उन चंद लोगों में से एक हैं जो खुलकर किसानों की बात करते हैं।