नई दिल्ली/गाजियाबाद (युग करवट)। त्योहार में चलने वाली भीड़ को देखते हुए प्राइवेट बस कंपनियों ने अपने किराए में तीन गुना से ज्यादा इजाफा कर दिया है। आम दिनों में जो टिकट 600-900 रुपये तक रहती थी। वही टिकट खरीदने के लिए लोगों को 1900 से 3300 रुपये तक देने पड़ रहे हैं। इसके बाद भी बसों में लोगों को जगह नहीं मिल रही है। यमुना एक्सप्रेस-वे के जीरो प्वाइंट, जेवर टोल, रबूपुरा और दनकौर कट पर यात्रियों की लगी भीड़ लग रही है। शुक्रवार को सभी प्वाइंटों पर बस का इंतजार करने वालों की भीड़ थी। जो देर रात तक बनी रही। लोग बसों का इंतजार करते रहे और घंटों इंतजार करने के बाद उन्हें अपने शहर जाने के लिए बसें मिल सकी।
गाजियाबाद, नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना सिटी के कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में तीन लाख से ज्यादा युवा पढ़ाई कर रहे हैं। यहां पर उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के साथ ही बिहार तक के शहरों से पढ़ाई करने के लिए युवा आते हैं। जो त्योहार नजदीक आते ही अपने घर जाने की तैयारी कर लेते हैं। युवाओं की भीड़ को देखते हुए ही बस कंपनियों ने भी अपने रेट में इजाफा कर दिया है। जिसके कारण युवाओं और अन्य यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।खिडक़ी साइड सीट का चार्ज ज्यादा प्राइवेट बसों को बुक करने के लिए लोग ऑनलाइन एप का सहारा ले रहे हैं। लेकिन त्योहार नजदीक होने के कारण ज्यादातर बसों में सीटें फुल हो जा रही हैं। आईएसबीटी, कश्मीरी गेट और अन्य बस अड्डों से ही बसें फुल होकर आ रही हैं। सीट फुल होने के कारण गाजियाबाद व नोएडा के बस स्टाप पर खड़े विद्यार्थियों और अन्य लोगों को घंटों बसों का इंतजार करना पड़ा। खिडक़ी की तरफ वाली सीट के लिए लोगों से 100-150 रुपये तक अतिरिक्त लिए जा रहे हैं।
कानपुर, लखनऊ, वाराणसी का किराया सबसे महंगा
दिल्ली, गाजियाबाद और नोएडा से कानपुर, लखनऊ, प्रयागराज, वाराणसी की ओर जाने वालों की भीड़ सबसे ज्यादा है। आमदिनों में इस रूट पर जाने वालों से बैठने के लिए 600-700 रुपये और स्लीपर सीट के लिए 850-1000 रुपये ऑनलाइन बुकिंग के जरिए लिए जाते हैं। लेकिन त्योहार में रेट कई गुना हो गए हैं। कानपुर के लिए सीट 1900 रुपये और स्लीपर के लिए 3200 रुपये लिए जा रहे हैं। वहीं वाराणसी के लिए सीट 1857 और स्लीपर 3244 का है। जबकि खिडक़ी वाली सीट के लिए 1950 रुपये का है।
इसी तरह लखनऊ और प्रयागराज जाने वाली बसों का भी रेट तीन गुना हो गया है।