गाजियाबाद (युग करवट)। समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव अभिषेक गर्ग ने होली के अवसर पर शहीद-ए-आजम भगत सिंह की प्रतिमा के सामने लगाए गए एक होर्डिंग को लेकर स्थिति स्पष्ट की है। उनका कहना है कि यह होर्डिंग श्रमिक की त्रुटि से लगाया गया था और जैसे ही मामला उनके संज्ञान में आया, मात्र 15 मिनट के भीतर उसे हटवा दिया गया। उन्होंने कहा कि शहीदों के सम्मान से किसी प्रकार का समझौता न पहले हुआ है और न आगे होगा। अभिषेक गर्ग ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि गाजियाबाद के जवाहर गेट पर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे से ऊपर भाजपा का झंडा लगाया गया है, जो राष्ट्र सम्मान की भावना के विपरीत है।
उन्होंने कहा कि होर्डिंग की छोटी सी चूक पर तुरंत कार्रवाई कर दी गई, लेकिन तिरंगे से ऊपर किसी दल का झंडा लगाना अधिक गंभीर विषय है, जिस पर संबंधित पक्ष को जवाब देना चाहिए। अभिषेक गर्ग ने कहा कि हम तिरंगे और शहीदों का सम्मान करते हैं, उनका उपयोग या प्रदर्शन राजनीति के लिए नहीं करते। राष्ट्रध्वज सर्वोपरि है और रहेगा। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि राष्ट्रीय ध्वज से ऊपर किसी भी दल का झंडा लगाने की घटना की जांच कर उचित कार्रवाई की जाए।