गाजियाबाद (युग करवट)। विजयनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत भूड़ भारतनगर में स्थित होटल अंश के एक कमरे में युवती का शव फंदे पर लटका मिला। एसएचओ विजयनगर धर्मपाल सिंह, एसीपी कोतवाली नगर उपासना पाण्डेय ने भी घटनास्थल का मौका मुआयना किया। विजयनगर पुलिस ने मृतका के कथित प्रेमी को हिरासत में ले लिया। एसीपी कोतवाली नगर उपासना पाण्डेय ने बताया कि कल सुबह ग्यारह बजे रश्मि पुत्री कन्हैया निवासी माधोपुरा अंश होटल पहुंची थी। लेकिन होटल प्रबंधक ने उसे कमरा देने से मना कर दिया। लगभग १०-१५ मिनट बाद लडक़ी का परिचित नदीम निवासी कैलाशनगर होटल पर पहुंचा। उसे कमरा दे दिया गया। लगभग साढ़े ग्यारह बजे लडक़ी एक बार फिर से होटल पर पहुंची और नदीम से मिलने की बात कही। उसके बाद वह नदीम के द्वारा लिये गये होटल के कमरे में चली गई। कुछ घंटे के बाद नदीम होटल से चला गया जबकि युवती कमरे में ही रूकी रही। जब शाम तक नदीम नहीं आया तो युवती ने होटल के रिसेप्शन पर पहुंचकर नदीम को कॉल कराई। वह नहीं आ पाया। लडक़ी होटल के अंदर चहलकदमी करती हुई दिखाई दी। उसके बाद वह कमरे के अंदर चली गई। उधर जब काफी देर तक युवती का दरवाजा नहीं खुला तो होटल कर्मचारियों को कुछ शक हुआ। उसके बाद होटल प्रबंधक ने उक्त मामले की सूचना विजयनगर थाना पुलिस को दे दी। तब पुलिस ने होटल के कमरे का दरवाजा तोडक़र जब अंदर प्रवेश किया तो रश्मि का शव फंदे पर लटका हुआ मिला। एसीपी ने बताया कि प्रथम दृष्टïया तो यह मामला आत्महत्या का लग रहा है लेकिन इस घटना की तह तक जाने के लिये पुलिस हर एंगिल पर जांच कर रही है। आरोपित ने बताया कि मृतका से उसके रिलेशन कुछ माह से था।