प्रमुख अपराध संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। हिन्दू रक्षा दल के सैंकड़ों कार्यकर्ताओं ने अंकुर विहार पुलिस द्वारा दो पदाधिकारियों दक्ष चौधरी व अक्कू पंडि़त के साथ की गई पिटाई के विरोध में सीपी कार्यालय पर घंटों तक प्रदर्शन किया। उसके बाद प्रदर्शनकारियों ने एक ज्ञापन एडिशनल सीपी मुख्यालय व अपराध केशव चौधरी व अतिरिक्त पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था व यातायात राज करन नैय्यर को सौंपा। ज्ञापन में हिन्दू रक्षा दल के प्रतिनिधिमंडल ने मांग की जिन पुलिसकर्मियों व दरोगा ने उनके दो साथियों के साथ मारपीट व अभद्रता करके जेल भेजने की साजिश रची उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाये। ज्ञापन मिलने के बाद दोनों एडिशनल सीपी ने हिन्दू रक्षा दल के प्रतितनिधिमंडल को निष्पक्ष जांच कराकर उचित कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया। उसके बाद प्रदर्शन समाप्त हो गया। बता दें कि कुछ समय पूर्व अंकुर विहार पुलिस द्वारा हिन्दू रक्षा दल के दो पदाधिकारियों दक्ष चौधरी व अक्कू पंडि़त पर मुकदमा दर्ज करके उन्हें जेल भेजा गया था।
उसके बाद हिन्दू रक्षा दल के कार्यकर्ताओं में आक्रोश व्याप्त हो गया था। हिन्दू रक्षा दल के कार्यकर्ताओं ने अंकुर विहार थाना पुलिस पर दो पदाधिकारियों के साथ अभद्रता, मारपीट व गाली ग्लोच करने और झूठा मुकदमा दर्ज करके साजिशन जेल भेजने के आरोप लगाते हुए पुलिस अधिकारियों से आरोपित दरोगा व पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की थी। आरोपित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कोई कार्रवाई ना होता देखकर हिन्दू रक्षा दल ने प्रदर्शन किया। एसीपी कविनगर सूर्यबली व एसएचओ कविनगर अनुराग शर्मा प्रदर्शनकारियों को समझाते हुए दिखाई दिये वहीं कई थानों के एसएचओ भारी पुलिसबल व पीएसी के साथ हर स्थिति से निपटने के लिये तैयार दिखे।