गाजियाबाद (युग करवट)। आज तडक़े मोदीनगर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत सोंदा रोड कट के पास हुए दर्दनाक हादसे के दौरान तेज रफ्तार की सनक और ड्रंक ड्राइव की आदत ने जहां दो दोस्तों को काल के गाल में समा दिया वहीं अन्य ४ को भी मौत के मुंहाने पर पहुंचा दिया। हादसे के समय कार की स्पीड कितनी अधिक रही होगी इसका अंदाजा इस बात से ही लगाया जा सकता है कि डिवाइडर से टकराने के बाद कार कई पलटी खाने के बाद काफी दूर गिरकर बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। इस हादसे की सूचना मिलते ही जहां मोदीनगर पुलिस मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू करने में जुट गई वहीं एसीपी मोदीनगर भास्कर वर्मा भी दुघर्टनास्थल पर पहुंच गये। एसीपी मोदीनगर भास्कर वर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में जो बात सामने आई है उससे पता कल मेरठ निवासी चार दोस्त आदेश, कुलदीप, रोहित, हिमांशु व आदेश पाल अपने मित्र अंकित तिवारी निवासी लोनी के पास गये थे। रात के समय उन सभी ने ड्रिंक की। उसके बाद वो सभी मौज मस्ती करते रहे। आज सुबह तीन बजे के आस-पास वो स्विफ्ट कार से मेरठ की और चले थे। कार की रफ्तार तेज होने की वजह से चालक सोंदा रोड के पास गाड़ी से नियंत्रण खो बैठा। जिसके चलते कार डिवाइडर से अकराकर पलट गई। इस हादसे में मेरठ निवासी आदेश व लोनी निवासी अंकित तिवारी की जहां मौत हो गई वहीं हिमांशु, रोहित, आदेशपाल व कुलदीप आदि गंभीर रूप से घायल हो गये।
श्री वर्मा ने बताया कि पुलिस ने इस हादसे की सूचना मृतकों व घायलों के परिजनों को दे दी है।