गाजियाबाद (युग करवट)। हाउस टैक्स बढ़ोतरी के खिलाफ व्यापारियों ने विरोध प्रदर्शन किया है। गाजियाबाद उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने नगर निगम के इस फैसले पर सवाल उठाए। दो दिन से नवयुग मार्किट अम्बेडकर पार्क में आमरण अनशन कर रहे है।
व्यापार मंडल का कहना है कि शहर के विकास के विरोधी नहीं हैं, लेकिन एक साथ इतनी अधिक वृद्धि जनता पर अनावश्यक बोझ डालेगी। हाउस टैक्स में बढ़ोतरी अधिकतम 10 से 20 प्रतिशत तक ही सीमित रखी जाए। उनका तर्क है कि पहले से बढ़ती महंगाई के बीच इतनी बड़ी टैक्स वृद्धि आम लोगों और व्यापारियों के लिए परेशानी का कारण बनेगी। व्यापार मंडल ने जनप्रतिनिधियों से जनभावनाओं का सम्मान करते हुए इस फैसले पर पुनर्विचार करने का आग्रह किया। उन्होंने जोर दिया कि यदि नगर निगम की बोर्ड बैठक में कोई निर्णय लिया गया है, तो उसका पालन सुनिश्चित किया जाना चाहिए, अन्यथा इसे लोकतांत्रिक प्रक्रिया के विरुद्ध माना जाएगा। इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और टैक्स बढ़ोतरी में शामिल अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करने की भी मांग की है। गाजियाबाद उद्योग व्यापार मण्डल के अध्यक्ष अवधेश शर्मा ने कहा कि शहरवासियों के आर्थिक शोषण के विरुद्ध जारी रहा।
प्रशासन चाहे जितना दबाव बना ले, हम न तो झुकेंगे और न ही पीछे हटेंगे। शहर की जनता का शोषण और यह खुली लूट अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जब तक बढ़ी हुई दरें वापस नहीं होतीं, अनशन जारी रहेगा। एक तरफ महंगाई की मार है और दूसरी तरफ नगर निगम द्वारा थोपा गया यह बेतहाशा टैक्स उनकी कमर तोड़ रहा है। अनशन के दौरान संजीव गुप्ता, राम गोपाल शर्मा, आर के गर्ग, आर के गोयल, आर के आर्य, सुनील वैध, संतोष शर्मा, संतोष कौशिक, प्रेमपाल, भूपेंद्र राणा आदि मौजूद रहे।