नगर संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। प्रभारी मंत्री असीम अरूण ने प्रेसवार्ता के दौरान हाउस टैक्स को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में कहा कि इस मामले पर प्रदेश सरकार की बैठक हुई थी जिसमें इसको लेकर निर्णय लिया जा चुका है। हाउस टैक्स तो बढाया जाएगा, हालांकि इसका पूरा प्रयास रहेगा कि हाउस टैक्स बढ़े, लेकिन कमर तोड़ न बढ़ें। जिले में विभिन्न विकास की योजनाएं चल रही है। औद्योगिक क्षेत्र के अलावा कई योजनाओं को विस्तार दिया जा रहा है। ऐसे में टैक्स बढ़ेगा तभी शहर का बेहतर विकास होगा। अगर हम कोई सेवा लेते हैं तो इसके बदले में हमें कुछ टैक्स देना होता है, ऐसे में अगर विकास चाहिए तो उसके बदले में टैक्स देना होगा। लेकिन सरकार का निर्णय है कि टैक्स इस तरह से लिया जाए जिससे लोगों पर एकदम से दबाव न पड़े और टैक्स भी मिलता रहे। सरकार की मशां है कि हाउस टैक्स का कलेक्शन बढ़ाया जाए, कलेक्शन होगा तो भविष्य में काम होंगे। टैक्स कलेक्शन में पूरी पारदर्शिता रखी जाएगी। ताकि इसको लेकर किसी प्रकार का कोई कन्फ्यूजन ना रहे। प्रभारी मंत्री ने कहा कि टैक्स वृद्घि को लेकर जिस तरह का माहौल है उसका भी योगी सरकार को संज्ञान हैं। इसलिए जो भी निर्णय लिया गया है वह विकास कार्यो और जनता के हित में लिया गया है।