गाजियाबाद (युग करवट)। राजनगर एक्सटेंशन निवासी अशोक राणा के पुत्र हरीश राणा को इच्छामृत्य की सहमति सुप्रीम कोर्ट से मिलने के उपरांत डीएम रविन्द्र कुमार मांदड़ ने परिजनों से मुलाकात की। डीएम ने बताया कि इस मामले को लेकर सीएम योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लेते हुए परिजनों को आर्थिक मदद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए थे। इसी कड़ी में अब परिजनों को सीएम राहत कोष से दस लाख रुपए की आर्थिक मदद उपलब्ध कराई जाएगी।
इसके अलावा जीडीए या नगरनिगम द्वारा स्थाई रूप से एक दुकान भी आवंटित कराई जाएगी। इसके अलावा हरीश राणा पर हुए दवाओं के खर्च का भुगतान चिकित्सा विभाग द्वारा वहन किया जाएगा। डीएम ने कहा कि इसके अलावा अगर परिवार को भविष्य में किसी सहायता की आवश्यकता होगी वह भी उपलब्ध कराई जाएगी। वह लगातार परिजनों के सम्पर्क में हैं।