गाजियाबाद (युग करवट)। गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन की राज एंपायर सोसायटी में रहने वाले हरीश राणा को अंतिम विदाई देने का एक मार्मिक वीडियो सामने आया है। ब्रह्मकुमारी केंद्र के प्रभु मिलन भवन की बहन कुमारी लवली दीदी ने हरीश को उसके घर पहुंचर अंतिम विदाई दी। इस दौरान उन्होंने हरीश की आत्मा की शांति के लिए विशेष ध्यान भी किया। गाजियाबाद के साहिबाबाद में रहने वाले हरीश राणा को अंतिम विदाई देने के लिए साहिबाबाद स्थित मोहन नगर में संचालित ब्रह्मकुमारी केंद्र के प्रभु मिलन भवन की बहन कुमारी लवली दीदी 13 मार्च को उनके घर पहुंचीं। यहां उन्होंने हरीश के माथे पर पहले चंदन का तिलक लगाया और उसके बाद अंतिम विदाई दी। इसको मार्मिक वीडियो अब सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। कहा कि सब को सबको माफ करते हुए और सबसे माफी मांगते हुए सो जाओ, ठीक है। बीके लवली ने बताया कि उन्होंने हरीश के लिए मेडिटेशन भी किया। साथ ही उसे शांति से अंतिम विदाई दी। हरीश के माता- पिता को भी ढांढस बंधाया। बता दें कि हरीश राणा को एम्स की टीम शनिवार को ही ले गई थी, उनके साथ परिजन और अन्य रिश्तेदार मौजूद हैं। जानकारी के मुताबिक एम्स ने पूरी प्रक्रिया के लिए करीब छह टीमों का गठन किया है।
एम्स में इच्छामृत्यु की प्रक्रिया शुरू, हरीश के दो लाइफ सपोर्ट के प्रमुख पाइप हटाए गए
नई दिल्ली (युग करवट)। देश में पहली बार इच्छामृत्यु की प्रक्रिया के तहत एम्स में भर्ती हरीश राणा के लाइफ सपोर्ट सिस्टम को धीरे-धीरे हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। सूत्रों के अनुसार, एम्स के इंस्टीट्यूट रोटरी कैंसर अस्पताल की पैलिएटिव केयर यूनिट में भर्ती हरीश राणा के लाइफ सपोर्ट से जुड़े दो प्रमुख पाइप हटा दिए गए हैं। जानकारी के मुताबिक, डॉक्टरों की निगरानी में यह प्रक्रिया बेहद सावधानी के साथ चरणबद्ध तरीके से की जा रही है। विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम लगातार उनकी हालत पर नजर बनाए हुए है। बताया जा रहा है कि यह पूरी प्रक्रिया मेडिकल प्रोटोकॉल और कानूनी दिशा-निर्देशों के तहत ही आगे बढ़ाई जा रही है। सूत्रों का कहना है कि लाइफ सपोर्ट के कुछ उपकरण हटाए जाने के बाद अब आगे की स्थिति हरीश राणा के शरीर की प्रतिक्रिया और चिकित्सकीय स्थिति पर निर्भर करेगी। डॉक्टरों का मानना है कि निष्क्रिय इच्छामृत्यु की यह प्रक्रिया जल्द ही पूरी हो सकती है, हालांकि इसके लिए कोई निश्चित समयसीमा तय नहीं की गई है।