गाजियाबाद (युग करवट)। जटवार इग्लास अलीगढ़ निवासी बरेली में तैनात उपनिरीक्षक जय सिंह निगम को हनी ट्रैप में फंसाकर लाखों की रकम हड़प ली। इसके बाद भी आरोपितों ने दरोगा के परिवार से १५ लाख रुपये की मांग करते हुए यह धमकी दी कि अगर उन्हें रकम नहीं दी गई तो वो दरोगा को रेप जैसे मुकदमे में फंसाकर जेल भिजवा देंगे। इसके बाद दस लाख देने की बात हो गई। उसके बाद भी पीडि़त पक्ष से मोटी रकम मांगी गई। यह कहना है दरोगा की पत्नी समीक्षा का। दरोगा की पत्नी ने बताया उसके द्वारा उक्त सनसनीखेज वारदात के प्रूफ दिये जाने के बावजूद शालीमार गार्डन ने ना तो उसकी तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की और ना ही कोई कार्रवाई की। पीडि़ता की बात को गंभीरता से सुनते हुए डीसीपी ट्रांस हिंडन निमिष दशरथ पाटिल ने इस मामले की रिपोर्ट दर्ज करने के निर्देश शालीमार गार्डन पुलिस को दे दिये। उसके बाद पुलिस ने आकाश, प्रदीप व अंशुल के अलावा एक महिला के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके अग्रिम कार्रवाई करनी शुरू कर दी। पुलिस के मुताबिक इस प्रकरण में एक को हिरासत में ले लिया गया।