ग्रेटर नोएडा (युग करवट)। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. शिवाकांत द्विवेदी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नरेंद्र कुमार ने पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से विभागीय उपलब्धियों और कार्यक्रमों की प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जनपद के स्कूलों में 20 से 30 अप्रैल 2026 तक टीडी और डीपीटी टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा। इसके अलावा प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान, प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, ई-संजीवनी टेलीमेडिसिन सेवा, वेक्टर जनित रोग नियंत्रण, जननी सुरक्षा योजना, संस्थागत प्रसव और नियमित टीकाकरण कार्यक्रम की स्थिति पर भी प्रकाश डाला गया। समीक्षा के दौरान सीडीओ ने स्वास्थ्य रैंकिंग में सुधार के लिए सभी प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक ब्लॉक में नियमित डेटा वैलिडेशन बैठकें आयोजित की जाएं और समयबद्ध एवं शुद्ध डेटा पोर्टल पर अपलोड किया जाए। उन्होंने ई-संजीवनी और संस्थागत प्रसव सेवाओं में अपेक्षित प्रगति न होने पर सुधारात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए। बैठक का संचालन जिला कार्यक्रम प्रबंधक मंजीत कुमार ने किया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अजय राणा, नोडल अधिकारी आरसीएचध्डीटीओ डॉ. आरपी सिंह, डिप्टी सीएमओ डॉ. उबेद कुरैशी, डॉ. जैसलाल, डीएमओ श्रुति कीर्ति वर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।