नोएडा (युगकरवट)। सौतेले पिता ने 6 वर्षीय बच्ची के साथ बलात्कार किया। विरोध करने पर उसने उसका गला और मुॅह दबाकर हत्या कर दी। वह उसे दफनाने के लिए लेकर जा रहा था, तभी पुलिस को किसी ने सूचना दे दी। आरोपी वहां से भागा लेकिन पुलिस ने उसे पकड़ लिया । पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार कस्बा सूरजपुर में रहने वाले एक व्यक्ति ने अपनी 6 वर्षीय सौतेली बेटी के साथ बीती रात को घर में अकेला पाकर बलात्कार किया। जब उसने विरोध किया तो उसने उसका मुंह और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। हत्या करने के बाद वह उसे दफनाने के लिए जा रहा था, तभी आसपास के लोगों को शक हुआ तथा कुछ लोगों ने पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस को आता देख आरोपी अपनी मृतक बेटी को सडक़ पर फैंक कर भाग गया। उन्होंने बताया कि मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस को पता चला है कि आरोपी की यह दूसरी शादी थी। मृतका बच्ची उसकी पत्नी के पहले पति की बेटी थी। उसने कुछ समय पहले ही मृतका की मां से शादी की थी। इस बाबत पूछने पर पुलिस उपायुक्त जोन द्वितीय शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद यह पता चलेगा कि बलात्कार हुआ कि नहीं। उन्होंने बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहा से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।