गाजियाबाद (युग करवट)। बिजली कनेक्शन कटने से सैंकड़ों की संख्या में लोगों ने गोविंदपुरम स्थित पावर हाउस पर जमकर हंगामा किया। उपभोक्ताओं का आरोप है कि बिना किसी पूर्व जानकारी के कनेक्शन काट दिए गए हैं जिसकी वजह से उनके घरों में अंधेरा हो गया है। बिजली न होने के कारण उनके घरों के कामकाज भी बाधित हो गए हैं। गोविंदपुरम क्षेत्र के हजारों लोगों की एक साथ बिजली कटने से आक्रोशित लोग क्षेत्र के पावर हाउस पहुंच गए। हालांकि नाराज लोगों को पावर हाउस में कोई भी सम्बंधित अधिकारी नहीं मिला। लोगों का आरोप है कि अधिकारी न तो मौके पर मौजूद हैं ना उनके फोन उठा रहे हैं। वह अपना कनेक्शन रिचार्ज करने का प्रयास कर रहे हैं तो वह भी रिचार्ज नहीं हो पा रहा है। इसकी वजह से उनका कनेक्शन शुरू नही हो पा रहा है। स्थानीय अधिकारी इस सम्बंध में कोई जवाब देने को तैयार नहीं है। हंगामा होते देख पुलिस भी मौके पर पहुंच गई लेकिन अधिकारी नदारद रहे इसके कारण उनका आक्रोश और अधिक बढ़ गया। मुख्य अभियंता जोन-1 के पवन कुमार अग्रवाल ने बताया कि स्मार्ट मीटर प्रीपैड कनेक्शन में अगर समय से रिचार्ज नहीं किया गया तो ऑटोमैटिक कनेक्शन कट जाता है। इन उपभोक्ताओं के कनेक्शन भी लखनऊ स्तर से ही काटे गए हैं। ऐसे में उपभोक्ताओं को अपना बिल जमा कराना होगा, उसके बाद ही कनेक्शन शुरू हो पाएगा। उन्होंने कहा कि इस सम्बंध में उच्च स्तर पर वार्ता भी की जा रही है। बता दें कि टीएचए में भी एकसाथ कई हजार कनेक्शन काट दिए गए थे, जिससे हजारों घरों में अंधेरा छा गया था। लगातार लोगों के कनेक्शन काटे जा रहे हैं। उपभोक्ताओं के सामने दूसरी समस्या बिल जमा न होने की है। ऑनलाइन प्रोसेस सही न होने के कारण उपभोक्ता बिल जमा नहीं कर पा रहे हैं जिसकी वजह से उनका कनेक्शन शुरू नहीं हो पा रहा है। इसको लेकर विभाग के अधिकारी भी बोलने को तैयार नहीं है।