गाजियाबाद (युग करवट)। नाबालिग के अपहरण के मामले में पुलिस कार्रवाई से क्ष्ुाब्ध होकर टीला मोड़ थाना क्षेत्र के गांव पसौंड़ा निवासी पीडि़त परिवार ने पुलिस आयुक्त कार्यालय पर न केवल दर्जनों लोगों के साथ प्रदर्शन किया बल्कि बरामद हो चुकी अपहृत लडक़ी के माता पिता ने अपने ऊपर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आत्मदाह करने का भी प्रयास किया। लेकिन एसएचओ कविनगर अनुराग शर्मा की टीम ने तत्परता दिखाते हुए एक बड़ी घटना को घटित होने से बचा लिया। उसके बाद पुलिस ने पीडि़त परिवार व उनके कुछ सहयोगियों को उच्चाधिकारियों से मिलवाकर निष्पक्ष जांच कराकर उन्हें न्याय दिलाने का आवासन दिला दिया। प्रदर्शनकारियों की अगुवाई कर रहे कांग्रेसी नेता अकबर चौधरी ने बताया कि पीडि़त परिवार को आरोप है कि टीला मोड़ थाना पुलिस उनकी पुत्री का अपहरण करने वाले आरोपित के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के बजाय उन्हें ही प्रताडि़त कर रही है। चौकी प्रभारी व अन्य पुलिसकर्मी उन्हें मानसिक तनाव देने के लिये अनावश्यक रूप से चौकी पर बुला रहे हैं। कुछ समय पूर्व टीला मोड़ थाना क्षेत्र के गांव पसौंड़ा में रहने वाली एक नाबालिग रहस्यमय हालात में लापता हो गई थी। उस समय उसके परिजनों ने अपनी पुत्री के अपहरण किये जाने व उसके साथ किसी अनिष्टï घटना के घटित होने की एफआईआर दर्ज कराते हुए एक युवक को आरोपित बनाया था। परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने उनकी पुत्री को तो बरामद कर लिया लेकिन ना तो उन्हें अभी तक उससे मिलने दिया गया और ना ही आरोपित के खिलाफ कोई कार्रवाई की।
लडक़ी को सुपुर्द किया गया
नाबालिग लडक़ी के अपहरण के मामले में एसीपी शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह का कहना है कि टीला मोड़ पुलिस ने उक्त प्रकरण में तहरीर मिलते ही जहां अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कर ली थी वहीं अपहृता लडक़ी की बरामदगी के प्रयास भी शुरू कर दिये थे। श्री सिंह ने बताया कि टीला मोड़ थाने के एसएचओ रवि बालियान की तत्परता के चलते ही न केवल अपहृत नाबालिग लडक़ी को सकुशल बरामद कर लिया गया बल्कि आरोपित को भी हिरासत में लेने के लिये उसके मकान व अन्य ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। जल्द ही आरोपित को गिरफ्तार कर लिया जायेगा।