करीब दस करोड़ का फंड एकत्र करने पर हुआ विचार
नगर संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। गाजियाबाद के विकास और सीएसआर फंड के प्रभावी उपयोग के लिए जिला प्रशासन, कम्पनियां, एनजीओ एक मंच पर एकत्र हुई। एक निजी होटल में गाजियाबाद सीएसआर एंड सस्टेनेबिलिटी कॉन्क्वेल 2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सीडीओ अभिनव गोपाल ने की। इस कान्क्लेव में कॉरपोरेट कम्पनियों के प्रतिनिधि, एनजीओ के पदाधिकारी व विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का उद्ेश्य उद्देश्य कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी फंड के प्रभावी और पारदर्शी उपयोग पर चर्चा करना था। वक्ताओं ने बताया कि अब तक अधिकांश कंपनियां अपने सीएसआर फंड को अलग-अलग सामाजिक संस्थाओं को देती थीं, जो अपने स्तर पर सामाजिक कार्यों में उस धनराशि का उपयोग करती थीं। अब यह सब एकजुट होकर जिले के विकास में सीएसआर फंड का बेहतर उपयोग कर सकेंगे। इसके अलावा इस अवसर पर करीब दस करोड़ का फंड एकत्र करने पर सहमति बनी है जो हेल्थ, एजुकेशन और पर्यावरण की दिशा में किए जाने वाले कार्यो में वहन की जाएगी।
कॉन्क्लेव में यह प्रस्ताव रखा गया कि सीएसआर फंड के उपयोग में जिला प्रशासन, सामाजिक संस्थाओं और फंड देने वाली कंपनियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाएगा। इससे शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और आधारभूत सुविधाओं जैसे क्षेत्रों में योजनाबद्ध तरीके से विकास कार्य कराए जा सकेंगे। इस अवसर पर सीडीओ ने कहा कि यह एक बेहतर प्रयास है। प्रशासन, कंपनियां और एनजीओ के संयुक्त प्रयास से सीएसआर फंड का बेहतर और सही दिशा में उपयोग हो सकेगा। जिससे जिले में पारदर्शिता के साथ विकास कार्यो को नई गति मिल सकेगी।