लखनऊ (युग करवट)। प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले सियासी पोस्टर वार तेज होता नजर आ रहा है। आज लखनऊ समेत कई शहरों में समाजवादी पार्टी और उसके प्रमुख अखिलेश यादव को निशाना बनाते हुए पोस्टर लगाए गए। इनमें आजम खान, अतीक अहमद और मुख्तार अंसारी की तस्वीरों के साथ ‘आजम, अतीक और मुख्तार, यही चलाते थे सरकार’ और ‘अखिलेश के माफिया, माफिया के अखिलेश’ जैसे नारे लिखे गए हैं। लखनऊ के अलावा उन्नाव, इटावा, सीतापुर, बरेली, मेरठ, आजमगढ़ और गाजीपुर समेत कई शहरों में भी ऐसे पोस्टर सामने आए हैं। पोस्टरों में सपा सरकार के कार्यकाल की कानून-व्यवस्था और कथित माफिया प्रभाव को लेकर सवाल उठाए गए हैं। पोस्टरों में वन डिस्ट्रिक्ट, वन माफिया का स्लोगन भी इस्तेमाल किया गया है। रिपोर्टों के अनुसार पोस्टरों में प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों के लिए अलग-अलग नामों की सूची दी गई है। इनमें अतीक अहमद, मुख्तार अंसारी, आजम खान समेत कई अन्य लोगों के नाम शामिल हैं। पोस्टरों में सपा शासनकाल को लेकर कई आरोप और दावे किए गए हैं, लेकिन इन्हें किस संगठन या व्यक्ति ने लगवाया, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी सामने नहीं आई है। इस पोस्टर अभियान ने यूपी में चुनावी मुद्दों को लेकर राजनीतिक बहस को फिर तेज कर दिया है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि आने वाले दिनों में समाजवादी पार्टी की ओर से इस अभियान पर क्या आधिकारिक प्रतिक्रिया आती है। पोस्टर में पूर्व मंत्री आजम खां, माफिया अतीक अहमद और मुख्तार अंसारी की तस्वीरें लगाई गई हैं। साथ ही लिखा गया है- ‘अखिलेश के माफिया, माफिया के अखिलेश’ और ‘आजम, अतीक और मुख्तार, यही चलाते थे सरकार’।