xगाजियाबाद (युग करवट)। जिला प्रशासन द्वारा श्रवण बाधित बच्चों का ऑपरेशन कराया जाएगा जिससे दिव्यांग बच्चे सामान्य बच्चों के समान जीवन जी सके। जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी अंशुल चौहान ने बताया कि जिन श्रवण बाधित बच्चों के कान के आंतरिक हिस्से की कोक्लियर हड्डी क्षतिग्रस्त है, उनका कोकिलयर इंप्लांट ऑपरेशन कराया जाएगा। इस ऑपरेशन पर करीब छह लाख रुपए का खर्च आता है जिसे सरकार द्वारा वहन किया जाएगा। इस ऑपरेशन के लिए आवेदक की उम्र पांच वर्ष से अधिक न हो, परिवार की वार्षिक आय ग्रामीण क्षेत्र में 92000 व शहरी क्षेत्र में 112000 रुपए से अधिक न हो। अंशुल चौहान ने बताया कि अगर किसी परिवार में ऐसा बच्चा है तो वह विकास भवन के कमरा नम्बर 132 में सम्पर्क कर सकता है। साथ में दिव्यांगता प्रमाणपत्र, यूडीआईडी कार्ड, पिता का आधार कार्ड,आय प्रमाणपत्र, बच्चे का फोटो, आदि लेकर सम्पर्क कर सकते हैं। या हेल्पलाइन नम्बर 8791491011 पर व्हाट्सएप मैसेज कर सकते हैं।