समय से पहले पूरा हुआ मूल्यांकन कार्य
नगर संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। जिले में 18 मार्च से यूपी बोर्ड की उत्तर पुस्तिाकाओं का मूल्यांकन कार्य शुरू हुआ था, जो एक अप्रैल को पूरा होना था, लेकिन परीक्षकों ने एक दिन पूर्व ही मूल्यांकन कार्य पूर्ण कर लिया है। अब एक अप्रैल को परीक्षक अंक अपलोड करने का काम करेंगे।
जिले में यूपी बोर्ड की कॉपियों के मूल्यांकन के लिए दो केन्द्र बनाए गए थे जिसमें सेठ मुकंदलाल इंटर स्कूल में हाईस्कूल की एक लाख 31 हजार 542 कॉपियां जांच के लिए पहुंची तो वहीं दूसरे केन्द्र एसडी इंटर कॉलेज में इंटर की 85 हजार 919 कॉपियां जांच के लिए पहुंची थी। इन कॉपियों की जांच में कुल 950 परीक्षक लगाए गए थे। जिन्होंने नियमित रूप से कॉपियों की जांच का काम किया। परीक्षकों ने महज 14 दिन में दो लाख 17 हजार 461 कॉपियों की जांच की। जबकि मूल्यांकन के दौरान निरंतर परीक्षकों की कमी बनी रही। बावजूद इसके उपलब्ध परीक्षकों ने समय से काम सम्पन्न किया।
डीआईओएस धर्मेन्द शर्मा के मुताबिक अब सभी जांची गई कॉपियों का रिकार्ड बोर्ड को भेजा जाएगा। यूपी बोर्ड का रिजल्ट मई केे पहले सप्ताह में आने की सम्भावना है। मूल्यांकन कार्य अन्य जिलों में भी समय से पूरा होने के बाद रिजल्ट तैयार करने की कवायद शुरू होगी। बता दें कि जिले में हाईस्कूल-इंटर के 53 हजार 884 छात्रों ने परीक्षा दी थी। जिसमें हाईस्कूल के 28 हजार 574 और इंटर के 25 हजार 314 छात्र परीक्षा में सम्मिलित हुए थे।