गाजियाबाद (युग करवट)। नगर निगम के पूर्व पार्षद हिमांशु लव ने एक बार फिर निगम को कटघरे में खड़ा किया है। उन्होंने कहा कि शासन ने हाउस टैक्स बढ़ाने का कोई भी पत्र जारी नहीं किया है। शासन ने केवल पत्र द्वारा नगर निकायों की आय बढ़ाने की बात कही है। उन्होंने कहा कि आय बढ़ाने के कई और तरीके भी है। हाउस टैक्स बढ़ाकर जनता पर बोझ डालने के लिए शासन ने कोई पत्र जारी नहीं किया है। उन्होंने कहा कि जो बाजार लगते हैं उनसे करोड़ों रुपए की आय निगम को हो सकती है लेकिन उस पर कोई निगम अधिकारी ध्यान नहीं देते हैं क्योंकि इसमें सब सेटिंग का खेल है। हाउस टैक्स में छूट के बारे में हिमांशु लव न कहा कि मेयर को कोई अधिकार नहीं है कि वो 20 प्रतिशत छूट की घोषणा करे। उन्होंने कहा कि लोग हाउस टैक्स जमा कर दें इसलिए बिल पर छूट का प्रावधान है लेकिन मेयर बराबर छूट की बात कहकर वाहवाही लूट रही है। उन्होंने ये भी कहा कि उनके किसी भी पत्र में बढ़े हुए टैक्स पर छूट वाली बात नहीं कही गई है। हिमांशु लव ने कहा कि मेयर और निगम अधिकारी केवल दूसरे कामों में लगे हैं और जनता के हितों पर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं।