नगर संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण गाजियाबा द्वारा रविवार को जिला न्यायालय परिसर में विधिक साक्षरता व सेवा शिविर का आायेजन किया गया। शिविर का शुभारंभ प्राधिकरण के अध्यक्ष व जिला न्यायाधीश विनोद सिंह रावत ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्जवलित कर किया। इसके उपरांत उन्होंने फीता काटकर स्टॉल परिसर का भी शुभारंभ किया। जिला जज द्वारा स्टॉलों को निरीक्षण किया गया। तो वहीं योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को ट्राई साइकिल,चेक वितरित किए गए। जिला जज विनोद सिंह रावत ने इस अवसर पर कहा कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति आमजन को जागरूक करना तथा पात्र व्यक्तियों तक उनका लाभ सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि जब जानकारी व्यापक रूप से प्रसारित होगी, तभी योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य पूरा होगा और अधिक से अधिक पात्र व्यक्तियों को उनका लाभ मिल सकेगा।
इस दौरान कृषि, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण, जिला समाज कल्याण, महिला कल्याण, श्रम विभाग, जिला पंचायत राज, बेसिक शिक्षा, श्रम, जिला उद्योग, जिला नगरीय विकास अभिकरण, पुलिस, जिला कारागार, बैंक सहायता, विद्युत, कौशल विकास, पशुपालन, नेडा आदि विभागों के स्टॉल लगाए गए। इस अवसर पर मोटर दुर्घटनाा दावा अधिकरण पीठासीन अधिकारी संजयवीर सिंह, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश अनिल कुमार, विशेष न्यायाधीश नीरज गौतम, कार्यक्रम अध्यक्ष अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश गौरव शर्मा, अपर जिला सत्र न्यायाधीश जुनैद मुजफ्फर, पीठासीन अधिकारी रीता सिंह, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ऐश्वर्य प्रताप सिंह आदि मौजूद रहे।
रक्तदान व मेडिकल कैंप का आयोजन
विधिक सहायता शिविर के दौरान स्वास्थ्य विभाग द्वारा चिकित्सा व रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। ग्लोबल हैप्पीनेस फाउंडेशन के अध्यक्ष सुनीलदत्त व डायरेक्टर राधिका राजपूत द्वारा शिविर आयोजित किया गया जिसमें जांच के बाद दवाएं भी दी गई। न्यायाधीशों द्वारा रक्तदान भी किया गया।