गाजियाबाद (युग करवट)। नगर निगम शहर के कचरा निस्तारण के लिए विशेष कार्यवाही कर रहा है। पांचों जोन में कचरा निस्तारण के लिए स्मार्ट ट्रांसफर स्टेशन का संचालन किया जा रहा है। गीले कचरे को अलग करना तथा सूखे कचरे को अलग करना शहर की आदत बन जाए इसको लेकर जन जागरूकता अभियान भी निगम द्वारा चलाए जा रहा है। नगर आयुक्त विक्रमादित्य मलिक द्वारा स्वास्थ्य विभाग टीम के साथ कचरा पृथक्करण तथा कचरा निस्तारण के लिए विशेष बैठक की गई। जिसमें वरिष्ठ प्रभारी स्वास्थ्य अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर मिथिलेश, समस्त जोन के सफाई एवं खाद्य निरीक्षक व एसबीएम टीम भी उपस्थित रही। स्वच्छता में सहयोग के लिए कई सामाजिक संस्थाएं भी बैठक में उपस्थिति रही। बैठक में हर घर को कचरा पृथक्करण के लिए जागरूक किए जा रहे कार्यों की चर्चा हुई, हर घर अलग-अलग डस्टबिन गीले कचरे का अलग और सूखे कचरे का अलग रखें टीम को सफाई मित्रों के सहयोग से अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। हर वार्ड में पार्षदों के सहयोग से कचरा निस्तारण और कचरा पृथक्करण को लेकर जन जागरूकता अभियान चलाए जाएं निर्देश दिए गए। डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन वहां प्रत्येक वार्ड में समय से पहुंचे सुनिश्चित करने के लिए भी टीम को निर्देश दिए गए। नगर स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा बताया गया शहर से निकलने वाले कचरे का निस्तारण करने के लिए और कचरा पृथक्करण करने के लिए कार्यवाही निरंतर जारी है।