नगर संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। भाजपा महानगर कार्यालय पर पश्चिमी उत्तर प्रदेश के क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेन्द्र सिसौदिया ने बजट को आम जनमानस की तकदीर बदलने वाला बजट करार दिया। सतेन्द्र सिसौदिया ने कहा कि यह बजट प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के उस स्पष्ट दृष्टिकोण को दर्शाता है, जिसमें दुविधा के स्थान पर निर्णय, शब्दाडंबर के स्थान पर सुधार और लोकलुभावन के स्थान पर जनकल्याण को प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने कहा कि यह बजट आत्मनिर्भर भारत को ध्रुववतारा मानते हुए संरचनात्मक सुधार, राजकोषीय अनुशासन, सतत पूंजी निवेश, रोजगार सृजन, कृषि उत्पादकता, युवाओं की शक्ति, महिलाओं के नेतृत्व और आधुनिक तकनीक आधारित सुशासन पर केंद्रित है। क्षेत्रीय अध्यक्ष ने कहा कि इस बजट में सभी वर्गो को विशेष ध्यान रखा गया है। बजट में मध्यम वर्ग को सशक्त करते हुए कर विवाद में कमी, सरल आयकर प्रणाली, शिक्षा व चिकित्सा के टीसीएस में कटौती, जीवनरक्षक दवाओं पर शुल्क छूट तथा छोटे अपराधों के अपराधमुक्तिकरण जैसे ऐतिहासिक निर्णय लिए गए हैं। किसानों के लिए उच्च मूल्य फसलों, तिलहन आत्मनिर्भरता, पशुपालन, मत्स्य पालन और एग्री-एआई आधारित भारत-विस्तार जैसे नवाचार कृषि आय बढ़ाने में मील का पत्थर सिद्ध होंगे।
यूपी में विशेष रूप से रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। उत्तर प्रदेश आज एक्सप्रेसवे, औद्योगिक गलियारों, सेमीकंडक्टर, डिफेंस कॉरिडोर, लॉजिस्टिक्स, निवेश और रोजगार का राष्ट्रीय केंद्र बन रहा है। बजट में आधारभूत संरचना, शहरी विकास, निर्यात, पर्यटन, जलमार्ग, रेल कॉरिडोर और कौशल विकास से उत्तर प्रदेश को दीर्घकालिक लाभ मिलेगा। विपक्ष सिर्फ देश की जनता को मुद्दे से भटकाने का काम रही है। भाजपा महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल ने कहा कि केन्द्रीय बजट सबका साथ-सबका विकास, सबका विश्वास की भावना को साकार करने वाला बजट है। यह देश के प्रत्येक वर्ग को नए अवसर प्रदान करता है। प्रेसवार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष चैनपाल सिंह, महानगर उपाध्यक्ष रनिता सिंह, मीडिया प्रभारी प्रदीप चौधरी, महानगर मंत्री गुंजन शर्मा, सह संयोजक राजू पांचाल, जिला संयोजक अमित चौधरी आदि मौजूद रहे।
विपक्षियों को किसने रोका है, वह भी बनवाएं वोट: सतेन्द्र
एसआईआर अभियान में भाजपा कार्यकर्ता द्वारा फर्जी वोट बनाए जाने के आरोप पर क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेन्द्र सिसौदिया ने कहा कि हमारे कार्यकर्ता सिर्फ मतदाताओं की मदद कर रहे हैं, ताकि ऐसे मतदाता जिनके किसी कारण से वोट नहीं बन पा रहे हैं, उनके फार्म बनवाकर बीएलओ तक पहुंचाना है। लेकिन सपा सहित अन्य पार्टियां इसपर शोर मचा रही हैं। उन्हें किसने रोका है, वह भी जाकर मतदाताओं की मदद करें। सपा को अगर भाजपा कार्यकर्ताओं से दिक्कत है तो अपने कार्यकर्ता लगाएं, लेकिन उनके पास कार्यकर्ता नहीं हैं जो हैं वह काम नहीं कर रहे हैं। तो सिर्फ शोर मचाकर मतदाताओं को भ्रमित करने का काम कर रही है।