गाजियाबाद (युग करवट)। ब्लूमबर्ग मेयर चैलेंज में विश्व के टॉप 24 शहरों में गाजियाबाद का नाम शामिल होने के बाद अब प्राकृतिक पेंट प्रोजेक्ट को बढ़ावा देने के लिए तैयारी शुरू हो गई है। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने बताया कि न्यूयार्क से ब्लूमबर्ग मेयर चैलेंज की टीम नगर निगम पहुंची। इस टीम द्वारा निगम अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए प्राकृतिक पेंट प्रोजेक्ट को और अधिक गति देने के लिए योजना बनाई गई है। इससे नगर निगम को 1 मिलियन डॉलर प्राप्त होंगे। 1 मिलियन डॉलर प्राप्त होने के बाद नगर निगम पांचों जोन अंतर्गत प्राकृतिक पेंट प्रोजेक्ट के लिए प्लांट लगाने की योजना बना रहा है। शहर से निकलने वाले गोबर का उपयोग प्राकृतिक पेंट बनाने के लिए किया जाएगा। प्राकृतिक पैंट बनने के बाद उसका सदुपयोग जोनवार ही किया जाएगा। न्यूयॉर्क से नगर निगम पहुंची ब्लूमबर्ग मेयर चैलेंज की सदस्य अनोराह द्वारा प्राकृतिक पेंट प्रोजेक्ट को आगे बढ़ाने के लिए चर्चा की तथा अपने सुझाव भी दिए। इस मौके पर अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर मिथिलेश, प्रभारी उद्यान डॉक्टर अनुज, मुख्य अभियंता निर्माण नरेंद्र कुमार चौधरी, एक्सपर्ट टीम से तरूशी उपस्थिति रही।