नोएडा (युग करवट)। जिला न्यायालय में सोमवार को भी वकीलों ने हंगामा किया और हड़ताल कर दी। वकीलों का आरोप है कि बिसरख पुलिस ने एक अधिवक्ता के साथ मारपीट की और उसे अवैध रूप से हिरासत में रखा। आक्रोशित वकीलों ने कोर्ट का काम ठप कर दिया और परिसर से पुलिसकर्मियों को बाहर निकाल दिया। हालांकि इस मामले मे कल चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। लेकिन वकील इससे संतुष्ट नहीं हैं। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज भाटी (बोड़ाकी) ने बताया कि शनिवार की रात को थाना बिसरख पुलिस द्वारा एक अधिवक्ता को देर रात उसके घर से उठाकर थाने ले जाने की घटना सामने आई थी। वकीलों ने आरोप लगाया कि पुलिस टीम ने बिना उचित कारण के अधिवक्ता को हिरासत में लिया और थाने में उसके साथ मारपीट की। इस घटना से नाराज वकीलों ने कोर्ट परिसर में जमकर हंगामा किया और पुलिसकर्मियों को परिसर से बाहर खदेड़ दिया।
इसकी सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी वायरल हो रहा है जिसमें वकील पुलिसकर्मियों को खदेड़ते नजर आ रहे हैं। मामले के तूल पकडऩे के बाद 4 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया है। हालांकि वकीलों का कहना है कि केवल निलंबन से काम नहीं चलेगा। दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई भी की जानी चाहिए। बताया जाता है कि वकीलों के विरोध प्रदर्शन और हड़ताल के चलते अदालत परिसर में काफी देर तक तनाव का माहौल देखा गया। बड़ी संख्या में वकील धरने पर बैठ गए और न्यायिक कार्य से दूरी बना ली। वकीलों की हड़ताल से सुनवाई प्रभावित हुई।