नई दिल्ली (युग करवट)। एक तरफ जहां संसद के अंदर विपक्ष जमकर हंगामा कर रहा है तो दूसरी तरफ सदन के गेट पर राहुल गांधी और केंद्रीय मंत्री बिट्टू के बीच नोकझोंक हुई। बुधवार को छठवें दिन संसद के गेट के बाहर राहुल गांधी के साथ कांग्रेस सांसद हाथों में पोस्टर लेकर प्रदर्शन करते नजर आए। इस दौरान राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता की अजीब घटना सामने आई। राहुल गांधी और केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू के बीच जुबानी जंग देखने को मिली। हुआ यूं कि जब केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू संसद के मकर द्वार पर विरोध कर रहे कांग्रेस सांसदों के पास से गुजरे, तो राहुल गांधी ने कहा, देखो, एक गद्दार यहीं से गुजर रहा है। इनका चेहरा देखो। इसके बाद बिट्टू के पास आने पर राहुल गांधी ने उनसे हाथ मिलाने के लिए अपना हाथ बढ़ाया और कहा, नमस्ते भाई, मेरे गद्दार दोस्त। चिंता मत करो, तुम वापस कांग्रेस में आ जाओगे। राहुल गांधी के इस व्यवहार को देखकर बिट्टू ने उनसे हाथ मिलाने से मना कर दिया और पलटवलार करते हुए बिट्टू ने कहा कि उनका देश के दुश्मनों से कोई वास्ता नहीं है।