रामलला को छह क्विंटल पंजीरी का लगेगा भोग
लखनऊ (युग करवट)। रामनवमी के पावन अवसर पर इस वर्ष श्री राम जन्मभूमि मंदिर में विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। राम जन्मोत्सव को लेकर व्यापक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु सहजता से दर्शन कर सकें। इस दिन राम मंदिर पूरे दिन खुला रहेगा। राम मंदिर ट्रस्ट के सदस्य डॉ. अनिल मिश्र ने बताया कि रामनवमी के दिन प्रात: 6:30 बजे से अनुष्ठान शुरू होकर सुबह 11:00 बजे तक चलेंगे। इस विशेष दिन मंदिर के कपाट पूरे दिन खुले रहेंगे और उन्हें बंद नहीं किया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक श्रद्धालु रामलला के दर्शन कर सकें। आवश्यकता पडऩे पर दर्शन की अवधि को और बढ़ाया भी जा सकता है। दोपहर 12:00 बजे भगवान रामलला का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। इस दौरान सूर्य की किरणें भगवान के मस्तक पर पडक़र दिव्य सूर्य तिलक का दृश्य प्रस्तुत करेंगी। रामलला को इस अवसर पर करीब छह क्विंटल पंजीरी का विशेष भोग अर्पित किया जाएगा। साथ ही मंदिर परिसर में इन दिनों बधाई गान का आयोजन लगातार चल रहा है, जिससे भक्तिमय वातावरण बना हुआ है। जन्मोत्सव के दिन राम परिवार के दरबार में भी बधाई गान होगा। शाम होते ही मंदिर का शिखर भव्य फसाड लाइटिंग से जगमगा उठेगा। राम मंदिर ट्रस्ट के सदस्य डॉ. अनिल मिश्र ने बताया कि रामनवमी तक सूर्य, गणेश, शिव और दुर्गा मंदिर पर के शिखर पर ध्वजारोहण का कार्य पूरा कर लिया जाएगा। यह सारे आयोजन सीमित स्तर पर होंगे। दो अप्रैल को हनुमान जयंती के दिन हनुमान मंदिर और शेषावतार मंदिर के शिखर पर ध्वजारोहण किया जाएगा।
इस आयोजन में 50 से अधिक मेहमानों का आमंत्रित किया जा रहा है।