नगर संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। एक अप्रैल से जिले में संचारी रोग नियंत्रण अभियान का आगाज हो गया हैं। संयुक्त जिला चिकित्सालय से एक जागरूकता रैली निकाली गई जिसका शुभारंभ पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण राज्यमंत्री नरेन्द्र कश्यप ने हरी झंडी दिखा कर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि संचारी रोग नियंत्रण में सिर्फ विभागों को ही नहीं बल्कि आमजन को भी अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी, तभी रोग नियंत्रण होगा। विभाग द्वारा दिए गए दिशा निर्देशों का पालन करें। स्वास्थ्य विभाग द्वारा एक अप्रैल से 30 अप्रैल तक अभियान चलेगा व दस अपै्रल से 30 अप्रैल तक दस्तक अभियान, दिमागी बुखार की रोकथाम के लिए विशेष अभियान संचालित होगा। संचारी रोग नियंत्रण अभियान की जागरूकता रैली में नगर निगम की 100 फॉगिंग मशीन, दस स्प्रीकलर, पांच पावर स्प्रेयर मशीन के अलावा सिविल डिफेंस के कैडेट, पशु पालन विभाग, आईसीडीएस, पीएससी बैड, बेसिक शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा विभाग, हयूमन राइट, एसडी इंटर कॉलेज के छात्र, व्यापार मंडल व साथी फाउंडेशन के सदस्यों द्वारा भी प्रतिभाग किया । कार्यक्रम के दौरान जिला मलेरिया अधिकारी जीके मिश्रा ने डेंगू से बचाव की अपील की। इस मौके पर सीएमएस डॉ.संजय गुप्ता, एसीएमओ डॉ.अमित विक्रम, डॉ.आरके गुप्ता आदि मौजूद रहे।