नगर संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। बुधवार को हाईस्कूल की विज्ञान और इंटर की रसायन विज्ञान की परीक्षा सम्पन्न हुई। वहीं सीबीएसई दसवीं की भी विज्ञान विषय की परीक्षा थी। दोनों बोर्ड की दसवीं की परीक्षा ने छात्रों को खासा परेशान किया। प्रश्नपत्र में बेहद घुमा कर सवाल पूछे गए जिससे छात्रों को पेपर साल्व करने में मुश्किलें हुई। यूपी बोड की रसायन विज्ञान परीक्षा में न्यूमेरिकल और रिएक्शन वाले प्रश्नों को सॉल्व करने में छात्रों को दिक्कतें हुई। वहीं सीबीएसई की दसवीं की परीक्षा में जीव विज्ञान के प्रश्न आसान रहे। रसायन विज्ञान के खंड में रासायनिक अभिक्रियाओं के कुछ प्रश्नों को करने में समय लगा जबकि भौतिक विज्ञान से जुड़े प्रश्न कठिन रहे। इसमें गणना और तर्क आधारित प्रश्न मुश्किल थे। यूपी बोर्ड के छात्रों को भी रसायन विज्ञान के प्रश्न मुश्किल और जीव विज्ञान व भौतिक विज्ञान के सभी प्रश्न आसान रहे। वहीं इंटर की रसायन विज्ञान का पेपर भी कठिन रहा। पेपर में थ्योरी के प्रश्न आसान थे लेकिन क्रियाओं और गणना आधारित प्रश्न कठिन रहे। जिससे छात्रों को समय से पेपर पूरा करने में दिक्कतें हुई। यूपी बोर्ड हाईस्कूल की पहली पाली में विज्ञान की परीक्षा थी जिसमें 28 हजार 559 छात्र रजिस्टर्ड थे जिसमें से 27 हजार 83 छात्रों ने परीक्षा दी और 1746 गैर हाजिर रहे। पहली पाली में इंटर की संगीत गायन, संगीत वादन की परीक्षा में 276 रजिस्टर्ड थे लेकिन परीक्षा लेने पहुंचे 270 और छह छात्र गैरहाजिर रहे। इंटर की शाम की पाली में रसायन विज्ञान की परीक्षा थी इस परीक्षा 7832 छात्रो में से 7604 परीक्षा देने पहुंचे और 228 ने परीक्षा छोड़ दी। वहीं शाम की ही पाली में इंटर की समाजशास्त्र की परीक्षा सम्पन्न हुई। इस परीक्षा में 6997 पंजीकृत थे, 6586 परीक्षा देने पहुंचे और 411 गैरहाजिर रहे।