गाजियाबाद (युग करवट)। रिमोट व इलेक्ट्रॉनिक चिप व रिमोट के माध्यम से कंप्यूटराइज्ड धर्मकांटे से सरिया व गाटर आदि चुराने वाले अंतर्राज्जीय स्क्रैप गैंग के चार और शातिर अपराधियों को क्राइम ब्रांच प्रभारी निरीक्षक अनिल सिंह राजपूत व एसओ सर्वेश पाल की टीम ने गिरफ्तार करके जेल भेज दिया। पकड़े गये स्क्रैप माफियाओं के पास से लगभग ४५ टन चोरिया का सरिया, तीन १८ टायरा ट्रक यानि ट्रो, दो इलेक्ट्रोनिक चिप व दस रिमोट के अलावा अन्य सामान बरामद हुआ। पूछताछ के दौरान अधिकारी उस समय हैरान हो गये कि जब उन्हें पता चला कि इस गैंग का संचालक कुख्यात स्क्रैप माफिया रवि नागर उर्फ रवि काना का सगा ममेरा भाई राजू उर्फ राजकुमार है। एडिशन सीपी मुख्यालय व अपराध केशव चौधरी ने बताया कि क्राइम ब्रांच प्रभारी अनिल सिंह राजपूत को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सरिया चुराने वाला गैंग चोरी के कई टन सरिये को बेचने की फिराक में है। इस सूचना के मिलते ही क्राइम ब्रांच ने एसओ वेव सिटी सर्वेश पाल की टीम के साथ मिलकर जाल बिछा दिया। संयुक्त टीम ने रवि काना के ममेरे भाई राजू उर्फ राजकुमार गैग के चार शातिर अपराधियों आफताब उर्फ अफजा निवासी इशाकनगर मसूरी, शारूख निवासी अरनिया बुलंदशहर, नईम व वासिद निवासी धौलाना हापुड़ को गिरफ्तार कर लिया। श्री चौधरी ने बताया कि इन अपराधियों की गिरफ्तारी से पहले यही संयुक्त टीम श्रवण व बाबर मलिक को गिरफ्तार कर चुकी है। श्री चौधरी ने बताया कि यह गैंग सरिया चोरी के अलावा लूट की वारदातों को अंजाम दे चुका है। श्री चौधरी ने बताया कि इस गैंग के अपराधी जरायम पेशे से अकूत संपत्ति अर्जित कर चुके हैं। उन्होंने यह भी बताया कि अब पुलिस इस गैंग के द्वारा अपराध के माध्यम से अर्जित किये गये उनके आर्थिक साम्राज्य को भी ध्वस्त करने की कवायद करेगी।