गाजियाबाद (युग करवट)। बिल्डर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया के वार्षिक चुनाव के रविंद्र त्यागी, जो निर्माण क्षेत्र के एक वरिष्ठ एवं प्रतिष्ठित व्यवसायी हैं, उन्हें इस वर्ष के कार्यकाल के लिए राष्ट्रीय उपाध्यक्ष चुना गया है। निर्माण क्षेत्र से जुड़े व्यापारियों का यह संगठन देश का सबसे पुराना एवं एकमात्र राष्ट्रीय स्तर का संगठन है, जिसकी स्थापना आजादी से पूर्व हुई थी। वर्तमान में इसके पूरे भारत में 25,000 से अधिक सदस्य हैं तथा लगभग प्रत्येक राज्य एवं जिले में इसकी सक्रिय उपस्थिति है। रविंद्र त्यागी का तीन वर्ष पश्चात पुन: दूसरी बार राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पद पर निर्वाचित होना गाजियाबाद के लिए अत्यंत गर्व का विषय है। मुंबई के तारदेव रोड स्थित एसोसिएशन के मुख्यालय में उन्होंने विधिवत रूप से अपने पद का कार्यभार ग्रहण किया। इस अवसर पर उन्होंने निर्माण क्षेत्र में आ रही विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए सभी सदस्यों को आश्वस्त किया कि वे अपने राजनीतिक संबंधों एवं संगठन के वरिष्ठ साथियों के सहयोग से इन समस्याओं के निवारण के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे। इस अवसर पर गाजियाबाद से संगठन के चेयरमैन, बोर्ड ऑफ ट्रस्टी लालचंद शर्मा, नवनिर्वाचित उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष संजय त्यागी, गाजियाबाद सेंटर के अध्यक्ष दिनेश शर्मा, विपिन कुमार (बॉबी) एवं विजय बंसल उपस्थित रहे।