गाजियाबाद (युग करवट)। पवित्र रमजान माह के आगमन को देखते हुए समाजसेवी नेता नसीम खान ने नगर आयुक्त को एक पत्र भेजकर मुस्लिम बहुल क्षेत्रों में विशेष साफ-सफाई एवं प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है। नसीम खान ने बताया कि रमजान के दौरान बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग मस्जिदों में नमाज, मदरसों में धार्मिक शिक्षा तथा कब्रिस्तानों में जियारत के लिए जाते हैं। कैला भट्टा, इस्लामनगर, शहीद नगर, वसुंधरा, अर्थला, लोहरपुरा, हिंडन विहार, मिर्जापुर, चरण सिंह कॉलोनी सहित अन्य क्षेत्रों में सफाई और स्ट्रीट लाइट की समुचित व्यवस्था अत्यंत आवश्यक है। नसीम खान ने कहा कि इस्लाम धर्म में शराब को हराम माना गया है। इसलिए रमजान के पवित्र महीने में धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए नगर निगम क्षेत्र में शराब की दुकानों को एक माह के लिए बंद कराया जाए। इस मौके पर हाजी मोबिन, चौधरी सुंदर, खालिद खान, मुसाइद खान, मुस्तकीम सैफी, शहजाद अब्बासी, सलमान अब्बासी, फहीम सैफी, शाहिद सैफी मौजूद रहे।