नई दिल्ली (युग करवट)। असम में चल रही एसआईआर प्रक्रिया को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने स्पष्ट किया है कि इसका एकमात्र उद्देश्य योग्य मतदाताओं को मतदाता सूची में शामिल करना और अयोग्य लोगों को बाहर करना है। उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और नियमों के तहत की गई है। असम के प्रमुख त्योहार बीहू को ध्यान में रखते हुए चुनाव कार्यक्रम तय किया जाएगा। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने स्पष्ट किया है कि समीक्षा बैठकों के दौरान मिले सभी सुझावों और प्रस्तावों पर गंभीरता से विचार करने के बाद ही मतदान की तारीखों का अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग राज्य की सांस्कृतिक और सामाजिक परिस्थितियों को समझते हुए फैसला करता है, ताकि त्योहारों और महत्वपूर्ण आयोजनों के दौरान मतदाताओं को किसी तरह की असुविधा न हो। ज्ञानेश कुमार के मुताबिक, आयोग की प्राथमिकता स्वतंत्र, निष्पक्ष और सुचारु चुनाव कराना है, लेकिन इसके साथ ही स्थानीय परंपराओं और जनभावनाओं का सम्मान करना भी उतना ही जरूरी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सभी पक्षों से प्राप्त सुझावों का मूल्यांकन कर संतुलित और व्यावहारिक चुनाव कार्यक्रम घोषित किया जाएगा।