पहले दिन दो हजार से अधिक छात्रों ने छोड़ी परीक्षा
नगर संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। बुधवार को यूपी बोर्ड की हाईस्कूल-इंटर की परीक्षाएं शुरू हो गई। परीक्षा का पहला दिन होने के कारण छात्रों का स्वागत स्कूलों में फूलों से व तिलक लगाकर किया गया। हालांकि पहला दिन होने के कारण कुछ सेन्टरों पर दिक्कतें आई थी, लेकिन जल्द ही मौके पर मौजूद अधिकारियों ने समस्याओं का निस्तारण किया और समय से छात्रों को परीक्षा हॉल में भेजा। एक परीक्षा केन्द्र पर एडमिट कार्ड को दिक्कतें आई तो एक अन्य सेन्टर पर शुरुआती समय में सीसीटीवी में गड़बड़ हुई। पहले दिन दो हजार 374 छात्रों ने परीक्षा छोड़ दी। सुबह की पाली सुबह साढ़े आठ बजे से शुरू हुई। परीक्षार्थी सात बजे से ही केन्द्रों पर पहुंचना शुरू हो गए थे। पहली परीक्षा का तनाव छात्रों के चेहरों पर साफ दिखाई दे रहा था। हालांकि परीक्षा देकर लौटे छात्रों ने प्रश्नपत्र आसान बताया। छात्रों ने बताया कि प्रश्नपत्र अधिक कठिन नहीं था। हाईस्कूल की हिन्दी, प्रारम्भिक हिन्दी विषय की परीक्षा थी। दोपहर दो बजे से सवा पांच बजे तक इंटर की हिन्दी सामान्य हिन्दी विषय की परीक्षा सम्पन्न हुई। हाईस्कूल की परीक्षा में 28 हजार 555 छात्र पंजीकृत थे जिसमें से 27 हजार 91 छात्रों ने परीक्षा दी बाकी के 1464 छात्र गैरहाजिर रहे। वहीं इंटर की हिन्दी विषय की परीक्षा में 10 हजार 570 छात्र पंजीकृत थे जिसमें 10 हजार 92 छात्रों ने परीक्षा दी और 478 ने परीक्षा छोड़ दी। वहीं इंटर की सामान्य हिन्दी की परीक्षा में 14 हजार 633 पंजीकृत छात्रों में से 14 हजार 201 ने परीक्षा दी और 432 ने परीक्षा छोड़ दी।