बोले-काफी सीखने को मिला, गरमाई सियासत
मेरठ (युग करवट)। मेरठ में 2023 बैच के 420 दरोगाओं को धुरंधर 2 फिल्म दिखाई गई। दरोगाओं ने कहा कि फिल्म से उन्हें कई बातें सीखने को मिलीं। मेरठ में पुलिस कर्मियों को प्रेरित करने के उद्देश्य से एक अनोखी पहल की गई। एसएसपी के निर्देश पर करीब 420 दरोगाओं और रंगरूटों को फिल्म दिखाई गई, जिसके बाद इस पहल को लेकर राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। जानकारी के अनुसार सभी पुलिसकर्मी यूनिफॉर्म में मेरठ स्थित एक मॉल के सिनेमा हॉल में पहुंचे और दोपहर ढाई बजे शुरू हुए शो में शामिल हुए। इनमें कुछ दरोगा थे, जबकि अधिकतर नए रंगरूट बताए गए हैं। फिल्म के प्रदर्शन के दौरान मीडिया को हॉल के अंदर जाने की अनुमति नहीं दी गई। साथ ही पुलिसकर्मियों को भी मीडिया से बातचीत करने की अनुमति नहीं थी। बताया गया कि शो करीब साढ़े तीन बजे समाप्त हुआ। चर्चा है कि पुलिस अधिकारियों द्वारा पुलिसकर्मियों को प्रेरित करने के लिए यह पहल की गई। उनका कहना है कि ऐसी फिल्मों से पुलिसकर्मियों को अपने कर्तव्यों के प्रति प्रेरणा मिलती है। फिल्म देख चुके दरोगाओं ने बताया कि फिल्म में जिस तरह से पाकिस्तान में भारतीय एजेंटों के काम करने का तरीका दिखाया गया, उससे उन्हें काफी कुछ समझने को मिला। साथ ही उन्हें वह दौर भी याद आया जब नकली करेंसी के जरिए देश में आर्थिक चुनौती पैदा की गई थी। पुलिसकर्मियों का कहना था कि फिल्म में दिखाए गए कई दृश्य उनकी ट्रेनिंग से जुड़े लगते हैं। जिस तरह की परिस्थितियों और रणनीतियों को फिल्म में दिखाया गया, उससे उन्हें अपने कर्तव्यों को बेहतर तरीके से समझने में मदद मिलती है। इस कार्यक्रम को लेकर राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। कई लोग इसे पुलिसकर्मियों को प्रेरित करने की पहल मान रहे हैं, जबकि कुछ इसे लेकर सवाल भी उठा रहे हैं।