नगर संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। वार्ड-9 की पार्षद शीतल चौधरी ने कहा कि महापौर सुनीता दयाल ने नगर निगम में शुक्रवार को एक कार्यक्रम के दौरान उन पर टिप्पणी की जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और अस्वीकार्य है। उन्हें इस तरह के शब्दों का प्रयोग नहीं करना चाहिए। शीलत चौधरी ने अपने बयान में कहा कि ‘मैं स्पष्टï करना चाहती हॅू कि व्यापारी भाई मेरे परिवार का हिस्सा हैं, वे मेरे अपने भाई के समान हैं और उनके सुख-दुख में हमेशा उनके साथ खड़ी हॅूं। ऐसा सोचना भी असम्भव है कि कोई भी व्यापारी मेरे ऊपर गोली चलवाने जैसी घटना में शामिल हो सका है। इसकी कल्पना भी मैं नहीं कर सकती।’ पार्षद शीतल चौधरी ने कहा कि मेयर द्वारा सदन में यह कहना कि मुझे दुकानों के किराया वृद्घि से सम्बंधित कमेटी में इसलिए शामिल नहीं किया गया ताकि मेरे ऊपर दोबारा गोली न चल जाएं, यह न केवल मेरी छवि को ठेस पहुंचाने वाला है बल्कि व्यापारी समाज की गरिमा पर भी प्रश्नचिन्ह लगाना जैसा है। शीतल चौधरी ने कहा कि हमेशा व्यापारी समाज के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्घ रही हॅू और आगे भी उनके सम्मान और अधिकारों के लिए कार्य करती रहूंगी। व्यापारी समाज और जनता सच्चाई को बेहतर तरीके से जानते हैं।