गाजियाबाद (युग करवट)। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटर की कॉपियों की जांच का काम जिले के दो मूल्यांकन सेन्टर्स पर किया जा रहा है। हालांकि मूल्यांकन के दूसरे दिन भी तीन सौ से अधिक निरीक्षक कॉपी जांच के लिए नहीं पहुंचे हैं। दूसरे दिन इंटर की 3281 कॉपियों की जांच निरीक्षकों द्वारा की गई है। अभी 87510 उत्तर पुस्तिकाओं की जांच होना बाकी है। कॉपियों की जांच के लिए 386 परीक्षक लगाए गए थे जिनमें से 205 ही जांच के लिए पहुंचे। वहीं हाईस्कूल की 13 हजार 926 कॉपियों की जांच की गई है। यहां भी 779 परीक्षकों में से कुल 600 ही पहुंचे हैं। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि मूल्यांकन में अभी समय है, जो परीक्षक नहीं पहुंच रहे हैं, उनसे सम्पर्क किया जा रहा है ताकि वह समय से केन्द्र पर पहुंचकर कॉपियों की जांच कर सकें।