आरोपी गिरफ्तार, १९ लाख रुपये व कार बरामद
गाजियाबाद (युग करवट)। एसीपी मोदीनगर भास्कर वर्मा की तत्परता व सजगता के चलते पुलिस ने कुछ घंटे के अंदर ही ३२ लाख की झूठी वारदात का पर्दाफाश कर दिया। इस खुलासे के दौरान पुलिस ने लूट का ड्रामा रचकर पुलिस को गुमराह करने व मालिक की कमाई हड़पने की साजिश रचने वाले प्रोपर्टी डीलर प्रवीन कुमार गुप्ता निवासी गंगानगर मेरठ व उसके दो कर्मचारियों आयुष निवासी मोहकमपुर दिल्ली रोड टीपीनगर मेरठ व मौहम्मद जेहब उर्फ जाहिब निवासी डी ६०३ सुपरटैक ग्रीन विलेज ब्रह्मïपुरी मेरठ को गिरफ्तार कर लिया बल्कि उनकी निशानदेही पर १९ लाख रुपये व कार बरामद कर ली। डीसीपी रूरल सुरेंद्रनाथ तिवारी ने बताया कि मेरठ निवासी प्रोपर्टी डीलर प्रवीन कुमार गुप्ता ने मोदीनगर कोतवाली पुलिस को सूचना दी थी कि हापुड़ रोड पर रात के समय उनसे दो बदमाशों ने गन प्वॉइंट पर लेकर ३२ लाख रुपये लूट लिये हैं। श्री तिवारी ने बताया कि इस वारदात की जांच के बाद जब यह मामला संदिग्ध दिखाई दिया तो पुलिस ने तीनों से गहन पूछताछ की। पूछताछ में तीनों ने लूट की झूठी सूचना देने की बात स्वीकारते हुए बताया कि वो जब दिल्ली में रहने वाले व्यक्ति को ३२ लाख रुपये देने जा रहे थे तो उनके मन में उक्त रकम को हड़पने का लालच आ गया था। उसके बाद उन्होंने लूट का ड्रामा रच दिया।