रक्षा और ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में दोनों देश करेंगे सहयोग
नई दिल्ली (युग करवट)। प्रधानमंत्री मोदी ने संयुक्त प्रेस वार्ता में कहा कि भारत और फ्रांस मिलकर भारत में एक ऐसा हेलिकॉप्टर बनाएंगेए जो माउंट एवरेस्ट जैसी ऊंचाइयों तक उड़ान भर सके। पीएम मोदी ने यह बातें तब कही जब दोनों नेताओं ने टाटा एयरबस की एच-25 हेलिकॉप्टर असेंबली लाइन का ऑनलाइन उद्घाटन किया। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों मंगलवार को भारत पहुंचे। इस दौरान मुंबई में उन्होंने पीएम मोदी से मुलाकात की। इस मुलाकात में रक्षा सहयोग समेत कई मुद्दों पर चर्चा की। पीएम नरेंद्र मोदी ने मुंबई के लोक भवन में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की बैठक की। बैठक में दोनों नेताओं ने भारत और फ्रांस के बीच संबंधों को और मजबूत करने पर चर्चा की। रक्षा, व्यापार, निवेश, नई तकनीक और ऊर्जा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के मुद्दों पर बातचीत हुई। इस दौरान दोनों देशों ने साझेदारी को आगे बढ़ाने और मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता दोहराई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने कर्नाटक के वेमगल में टाटा एयरबस की एच125 लाइट यूटिलिटी हेलिकॉप्टर की अंतिम असेंबली लाइन का उद्घाटन किया। इस मौके पर दोनों नेताओं ने भारतीय रक्षा उत्पादन और रक्षा उद्योग में निजी क्षेत्र की भूमिका पर जोर दिया। एच125 हेलिकॉप्टर उत्पादन भारत में नई तकनीक और नवाचार को बढ़ावा देने के साथ.साथ रक्षा निर्यात को मजबूत करने का भी मार्ग खोलता है। प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति मैक्रों ने इस परियोजना को भारत-फ्रांस साझेदारी का उदाहरण बताते हुए कहा कि यह कदम दोनों देशों के तकनीकी सहयोग और रक्षा उद्योग में आपसी सहयोग को आगे बढ़ाएगा। बैठक के बाद पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि भारत फ्रांस साझेदारी की कोई सीमा नहीं है। वर्ष 2026 भारत और यूरोप के संबंधों में एक टर्निंग पॉइंट है।

कुछ ही दिन पहले हमने यूरोपीय संघ के साथ भारत के इतिहास का सबसे बड़ा औऱ ऐतिहासिक मुफ्त व्यापार समझौता किया। आपसी व्यापार को बढ़ावा देने के लिए हम आज समझौते कर रहे हैं। इनके जरिए अब आपसी कंपनियों को डबल टैक्स नहीं देना होगा। यही शेयर्स प्रॉसपैरिटी का रोडमैप है।